उपजिला अस्पताल विकासनगर के रेडियोलॉजिस्ट चिकित्सकीय अवकाश से लौट आए हैं। सोमवार को 42 गर्भवतियों और मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच की गई। हालांकि पैर में प्लास्टर लगा होने के कारण रेडियोलॉजिस्ट जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया नहीं जा पाएंगे। जुलाई के अंतिम सप्ताह में उपजिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अलिंद पोखरियाल देहरादून से विकासनगर आते समय सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। उसके बाद से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच बंद थी। मरीजों को निजी केंद्रों में जांच करवानी पड़ रही थी। अमर उजाला ने एक अगस्त के अंक में अल्ट्रासाउंड जांच सुविधा ठप, मरीज हो रहे परेशान खबर प्रकाशित की थी। उसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल में सप्ताह में दो दिन अल्ट्रासाउंड जांच की वैकल्पिक व्यवस्था की थी। देहरादून से रेडियोलॉजिस्ट भेजे जा रहे थे। डॉ. अलिंद पोखरियाल करीब एक माह के लिए चिकित्सकीय अवकाश पर गए थे लेकिन मरीजों की सुविधा के लिए वह 18 दिन में ही लौट आए। सीएमएस डॉ. प्रदीप चौहान ने बताया, रेडियोलॉजिस्ट के पैर में प्लास्टर लगा है। उनके आवागमन के लिए वाहन की व्यवस्था की गई है। संवाद