माय सिटी रिपोर्टर देहरादून देहरादून से कोटद्वार आने जाने वाले यात्रियों को अनलॉक दो के बीच किसी प्रकार की दिक्कत ना हो, इसके लिए परिवहन निगम प्रबंधन की ओर से देहरादून से कोटद्वार के बीच बस सेवा संचालित की गई है। वैसे तो देहरादून और कोटद्वार के बीच बसों का संचालन पहले से ही था। लेकिन इस बीच कोरोना संकट के चलते लागू लॉकडाउन की वजह से रोडवेज की बसों के यूपी में दाखिल होने पर प्रतिबंध की वजह से गाड़ियों को नहीं भेजा जा सका था। लेकिन यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए अब परिवहन निगम प्रबंधन ने देहरादून से कोटद्वार के बीच गाड़ियों को संचालित करने का फैसला लिया है। मंडलीय प्रबंधक (संचालन) में सीपी कपूर ने बताया कि फिलहाल देहरादून से कोटद्वार के बीच गाड़ी संचालित कर दी गई है। नजीबाबाद यूपी के बजाय गाड़ी को लालढांग होते हुए उत्तराखंड की सीमा में ही कोटद्वार भेजा जा रहा है। मंडलीय प्रबंधक कपूर ने बताया कि सुबह साढ़े छह बजे बस कोटद्वार से देहरादून के लिए रवाना होती है और साढ़े 11 बजे देहरादून से कोटद्वार के लिए भेजी जा रही है। गाड़ी संचालित होने के बाद इसमें यात्रियों की संख्या भी ठीकठाक है। मंडलीय प्रबंधक कपूर के मुताबिक यदि यात्रियों की संख्या में इजाफा होता है तो देहरादून से कोटद्वार और अधिक बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।