मसूरी की व्यस्त सड़क कैमल बैक में बारिश होते ही हो रहा जलभराव प--संवाद
मसूरी। शहर में बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव की समस्या आम हो गई है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से सड़कों के लेवल को ठीक करने की मांग की जा रही है लेकिन लोनिवि और नगर पालिका इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। मंगलवार और बुधवार को हुई बारिश से अभी भी मालरोड, कैमल बैक समेत कई स्थानों पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। कैमल बैक में नगर पालिका अध्यक्ष का निवास भी है, बावजूद इसके जलभराव की समस्या से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। स्थानीय निवासी राम सिंह, भगवती प्रसाद और अर्जुन सिंह ने कहा कि क्षेत्र में जब भी बारिश होती है तो सड़कों पर जलभराव हो जाता है। इससे पैदल चलने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बड़ी परेशानी होती है। संबंधित विभागों को सड़क का लेवल ठीक करना चाहिए। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने कहा कि कैमल बैक रोड के पुनर्निमाण के लिए शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द अन्य सड़कों को भी ठीक किया जाएगा। संवाद