विकासखंड चकराता के खनाड़ गांव तक सोमवार को सड़क पहुंच गई। अभी तक गांव से करीब डेढ़ किमी दूर तक गाड़ी पहुंचती थी। जिस पर लोगों ने खुशी मनाई। एक दूसरे को मिठाइयां बांटी। गांव तक सड़क पहुंचाने पर जिला पंचायत सदस्य मीरा जोशी का आभार जताया।
खनाड़ गांव निवासी जिला पंचायत सदस्य मीरा जोशी ने बताया कि सोमवार की देर शाम सड़क से गाड़ी गांव तक पहुंच गई। जिस पर लोगों ने खुशी मनाई। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत के माध्यम से करीब डेढ़ किमी सड़क की कटिंग कराई गई है, जिससे बाद गाड़ी सीधे गांव तक पहुंच रही है। पूर्व तक लोगों को करीब एक किमी की खड़ी चढ़ाई चढ़कर सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। ग्रामीण नरेश भट्ट, मायाराम जोशी, कृपा राम जोशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य कलमदास आदि ने बताया कि गांव तक सड़क नहीं होने से नगदी फसलों को मुख्य सड़क तक ले जाने में परेशानी होती थी। किसी के बीमार होने पर उसे अस्पताल ले जाना भी मुश्किल होता था। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत सदस्य के प्रयासों से गांव तक सड़क पहुंच गई है, जिससे गांव के 30 परिवारों की आवाजाही आसान हो सकेगी।