रुड़की में ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों पर हमले के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शनिवार रात टोडा खटका निवासी ओमकुमार के साथ गांव के ही चार लोग ईंट भट्ठे से काम कर घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें एक युवक मिला। उन्होंने उससे रात में जंगल में खड़े होने के बारे में पूछा। साथ ही उसके चेहरे पर मोबाइल की लाइट जलाई तो युवक ने चाकू से हमला कर दिया था।
इसमें ओमकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे जबकि तीन अन्य को मामूली चोट आई थी। ओमकुमार को डॉक्टरों ने देहरादून रेफर कर दिया था। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि ओम कुमार के भाई मोहित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।