- ऋषभ ने भरा 10.50 करोड़ रुपये का टैक्स
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर और उत्तराखंड निवासी ऋषभ पंत टैक्स चुकाने के बादशाह बन गए हैं। उन्होंने व्यक्तिगत अग्रिम कर दाता की श्रेणी में 10.50 करोड़ रुपये का टैक्स चुका पहले स्थान पर जगह बनाई है। दूसरे पर तरंग विंडलास का स्थान है। उन्होंने 8.25 करोड़ रुपये का भुगतान टैक्स के रूप में किया है। शुक्रवार को आयकर विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में टॉप-10 व्यक्तिगत अग्रिम कर दाताओं की सूची जारी की गई। 10वें स्थान पर सुमंत भूषण हैं, उन्होंने 1.58 करोड़ रुपये टैक्स के तौर पर जमा किए। कार्यक्रम में विभाग की ओर से कॉर्पोरेट जगत में भी टॉप-सात अग्रिम कर दाताओं की सूची जारी की गई। इसमें पहले स्थान पर तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) है। ओएनजीसी ने 4550 करोड़ रुपये का टैक्स अदा किया है। जबकि 126.27 करोड़ रुपये टैक्स के रूप में जमा कर टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (टीएचडीसी) ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। सातवें स्थान पर उत्तराखंड ग्रामीण बैंक रहा, जिसने 13.59 करोड़ रुपये का टैक्स दिया है।