राजस्व पुलिस क्षेत्र समाल्टा अंतर्गत थैत्यौ गांव स्थित घर में हुई लाखों के गहनों की चोरी का राजस्व पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी के आरोप में राजस्व पुलिस ने स्थानीय बाल अपचारी (16 वर्ष) को संरक्षण में लिया है। बाल अपचारी 11वीं का छात्र है।
बीती 28 दिसंबर को थैत्यौ गांव निवासी सतपाल सिंह पुत्र सूरत सिंह के तीन मंजिलें घर की दूसरी मंजिल में रखे बक्से से करीब छह लाख रुपये के गहने चोरी हो गए थे। चोरी की घटना से हर कोई हतप्रभ था। चोरी का शक आश्रम के लिए चंदा लेने पहुंचे लोगों पर जताया जा रहा था। राजस्व पुलिस की टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। खुलासे के लिए राजस्व पुलिस की टीमें जुटी थीं।
पीड़ित पक्ष की मांग पर जिलाधिकारी ने जांच रेगुलर पुलिस को सौंपने के आदेश भी जारी कर दिए थे, लेकिन रेगुलर पुलिस द्वारा जांच करने से पहले ही राजस्व पुलिस ने बाल अपचारी को गहने समेत संरक्षण में ले लिया। राजस्व पुलिस उपनिरीक्षक मोतीलाल जिनाटा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बीते रविवार शाम 4:30 बजे किशोर को संरक्षण में लिया गया। उसके पास से गहने बरामद हुए। मेडिकल कराकर उसे जुवेनाइल कोर्ट में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे बाल सुधार गृह में भेज दिया गया।