देहरादून। प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में बृहस्पतिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की उपस्थिति में दो दर्जन से अधिक सेवानिवृत्त अधिकारियों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड का पढ़ा-लिखा, अनुभवी और जिम्मेदार समाज भाजपा की खोखली राजनीति से तंग आ चुका है। सेवानिवृत्त अधिकारियों का कांग्रेस में आना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश अब बदलाव चाहता है। सदस्यता लेने वालों में अखिल भारतीय बैंक अधिकारी महासंघ के पूर्व संयुक्त सचिव प्रीतम सिंह आर्य, एसबीआई के पूर्व अधिकारी आजाद अहमद सिद्दिकी, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी जन निगम चंद्र आर्य, आर्डिनेंस के पूर्व अधिकारी वीरेंद्र सौंधी, संतन सिंह, एसबीआई के पूर्व अधिकारी अमर चंद शाह, वायु सेना के पूर्व जेसीओ सुरेश कुमार, पूर्व अपर निदेशक शिक्षा विभाग रघुनाथ लाल आर्य, शिक्षा विभाग के पूर्व अधिकारी मदन लाल आदि शामिल हैं। मा.सि.रि.