फोटो
सेलाकुई। नगर पंचायत क्षेत्र में विद्युत लाइनों की अव्यवस्था नागरिकों के लिए जी का जंजाल बनी हुई है। जगह-जगह बिजली के तार लटकने से क्षेत्र में हर समय हादसों का खतरा बना हुआ है। उधर, नागरिकों की बार-बार शिकायतों के बाद भी ऊर्जा निगम के अधिकारी समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। नगर पंचायत सेलाकुई के विभिन्न क्षेत्रों में जगह-जगह बिजली के तार लटक रहे हैं। जिससे स्कूल बस, भारी वाहनों की आवाजाही में खतरा उत्पन्न हो रहा है। स्थानीय निवासी राज रावत, प्रकाश भट्ट, सुशील, मोहित राणा, राजू, सचिन आदि का कहना है कि बिजली के तार किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। कई स्थानों पर तारों को लोगों ने बांस-बल्ली के सहारे ऊपर की ओर किया हुआ है। उधर, विद्युत वितरण खंड के अवर अभियंता नीटू कुमार ने बताया कि जहां-जहां तार लटकी हुई है, उन्हें चिह्नित किया गया है। कैनाल रोड समेत कई स्थानों पर तार को ठीक किया जा रहा है। अन्य स्थानों पर भी ऐसी सभी तार को ठीक करा लिया जाएगा। संवाद