श्री गुरु राम राय विवि में स्कूल ऑफ यौगिक साइंस एवं नेचुरोपैथी एवं आईसीपीआर नई दिल्ली के सहयोग से राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में देश के 15 राज्यों से 500 योग शोधार्थियों ने ऑनलाइन व ऑफलाइन प्रतिभाग किया। 40 शोधार्थियों ने योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने शोधपत्र प्रस्तुत किए।
सेमिनार में श्री गुरु राम राय विवि के प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने योग शोधार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। पथरी बाग कैंपस स्थित सभागार में सेमिनार का शुभारंभ मुख्य अतिथि पद्मश्री योग गुरु स्वामी भरत भूषण, कुलपति डाॅ. यशबीर दीवान, कुलसचिव डाॅ. अजय कुमार खंडूड़ी, प्रो कंचन जोशी, संकायाध्यक्ष, डॉ. विक्रम सिंह, डॉ. सुरेंद्र कुमार त्यागी, डॉ. भानू जोशी ने किया। ‘योग दर्शन एवं अभ्यास प्रदर्शन के साथ’ विषय पर विशेषज्ञों ने गहन मंथन किया।
स्वामी भरत भूषण ने भारतीय योग दर्शन के मूल उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने योग दर्शन में वर्णित सूत्रों के व्यावहारिक जीवन पर महत्व को सरल शब्दों में समझाया। प्रो. सुरेंद्र कुमार त्यागी ने पतंजलि योग सूत्र की बारीकियों से छात्रों को अवगत कराया।