विकासनगर। वन विभाग की टीम ने मंगलवार को डाकपत्थर स्थित डिग्री कॉलेज और पार्क से दो जहरीले रसल वाइपर सांपों का रेस्क्यू किया। पकड़े गए दोनों सांपों को सुरक्षित रूप से आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया है। कालसी वन प्रभाग की चौहड़पुर रेंज को मिली सूचना पर सर्पमित्र आदिल मिर्जा ने पहले डिग्री कॉलेज से एक रसल वाइपर को बचाया। इसके बाद उन्होंने डाकपत्थर के बैराज पार्क के फाउंटेन पूल से दूसरा सांप रेस्क्यू किया। आदिल मिर्जा ने बताया कि रसल वाइपर अत्यंत जहरीली प्रजाति का सांप है। यह मार्च से अक्तूबर-नवंबर के बीच खूब दिखाई देता है और पत्थरीले क्षेत्रों में इसके मौजूद होने की संभावना अधिक रहती है। यह यमुना नदी से सटे क्षेत्र में बहुतायत में पाया जाता है। संवाद