विकासनगर। सहसपुर स्थित एसजीआरआर इंटर कॉलेज में सांप दिखाई देने से छात्र-छात्राओं में भय का वातावरण बन गया। उधर सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने सांप को पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान विभाग के सर्पमित्र ने छात्र-छात्राओं को सांप की जहरीली व अन्य प्रजातियों के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी। कालसी वन प्रभाग की चोहड़पुर रेंज को विद्यालय में सांप दिखाई देने की सूचना मिली। सर्पमित्र आदिल मिर्जा मौके पर पहुंचे और उन्होंने लगभग आधा घंटे की मशक्कत के बाद सांप को पकड़ लिया। उन्होंने बताया सांप इंडियन स्पेक्टिकल कोबरा प्रजाति का है, जो अत्यंत जहरीला होता है। उन्होंने कहा, लोग जागरूकता के अभाव में घरों व आसपास दिखाई देने वाले सांपों को जहरीला समझकर मार देते हैं। उन्होंने कहा हर एक सांप जहरीला नहीं होता है इसलिए, सांप दिखाई देने पर वन विभाग को सूचना देनी चाहिए। संवाद