टैग..अदालत से
विकासनगर। विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट) नंदन सिंह की अदालत ने सोमवार को सेलाकुई के भगवानपुर निवासी रोहित कुमार को चरस बरामदगी मामले में जमानत दे दी। अदालत ने बरामदगी वाणिज्यिक मात्रा से कम होने और कोई स्वतंत्र गवाह न होने को आधार माना। पुलिस के अनुसार, 27 जून 2024 को क्षेत्र में चेकिंग के दौरान रोहित के कब्जे से 254 ग्राम चरस बरामद हुई थी। उस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज है। वह पहले जमानत पर था, लेकिन अदालत में हाजिर न होने पर गैर जमानती वारंट जारी हुआ। 30 अक्तूबर को गिरफ्तारी के बाद उसे जेल भेजा गया। यह उसकी दूसरी जमानत अर्जी थी। अदालत ने 30 हजार रुपये के निजी बंधपत्र और इतनी ही राशि के दो जमानती पर रिहाई के आदेश दिए। गुण-दोष पर कोई टिप्पणी नहीं की गई। संवाद