Iकंपनी के अनुसार कुछ लोगों ने साजिशन तार काट दिएI
रिलायंस जियो ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर बताया कि उसके ऑप्टिकल फाइबर केबल को स्थानीय केबल कंपनी से जुड़े लोगों ने काटकर 70 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया है। केबल काटने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि उनके केबल को गैरकानूनी तरीके से काटा गया है।
गौरतलब है कि इन्वेस्टर्स समिट में लटकते हुए तारों को ठीक करने के दौरान रिलायंस जियो के तार कई जगह काट दिए गए। इससे जियो का नेटवर्क कई दिन बाधित रहा। रिलायंस जियो की ओर से शक्ति चौहान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बताया कि जियो के ऑप्टिकल फाइबर केबल को एक स्थानीय केबल कंपनी से जुड़े लोगों ने काटा है।
जियो ने यूपीसीएल से अनुमति लेने के बाद ही ‘पोल टू पोल’ ऑप्टिकल फाइबर केबल लगाया था। हाल के दिनों में कुछ जगह से केबल हटाने की मुहिम के दौरान ऐसी कंपनियों के तार काटे जा रहे थे, जिन्होंने तार अनाधिकृत रूप से लगाए हैं। इस मुहिम का फायदा उठाकर एक केबल कंपनी के लोग गैरकानूनी तरीके से जियो के तार काट रहे हैं।
आरोप लगाया कि चार दिसंबर को देहरादून के किशन नगर चौराहे पर जियो के तार काट दिए गए। स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया है। तार कटने के कारण कई लोगों का इंटरनेट बाधित हुआ, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।