राजपुर, चकराता, हरिद्वार रोड पर इन ठेकों के सामने शाम छह से आठ बजे तक लगता है जाम
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। शहर के यातायात में शराब के 15 ठेके बाधा बन रहे हैं। एसपी ट्रैफिक ने इन ठेकों को शाम छह से रात आठ बजे तक बंद रखने की सिफारिश की है। इससे पहले उन्होंने 11 ठेकों को शिफ्ट करने के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा था। लेकिन, जब तक ठेके शिफ्ट नहीं होते, पीक समय में इन्हें बंद रखने को कहा गया है।
एसपी ट्रैफिक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि राजपुर रोड, चकराता रोड, सहारनपुर रोड और हरिद्वार रोड पर शाम के वक्त यातायात का दबाव रहता है। यहां शराब के 15 ठेकों के सामने शाम छह बजे से आठ बजे तक बेहद भीड़ रहती है। कुछ लोग सड़क पर गाड़ियां लगाकर शराब खरीदते हैं। ऐसे में इन मार्गों पर यातायात का दबाव और बढ़ जाता है। कई बार इन क्षेत्रों में जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। पिछले साल सहारनपुर रोड स्थित एक ठेके के खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी। लेकिन, इनके रवैये में कोई सुधार नहीं आया। इसके बाद इन जगहों का सर्वे किया गया तो 11 ऐसे ठेके मिले जहां ज्यादा भीड़ रहती है। जिलाधिकारी से इन्हें शिफ्ट कराने की मांग करते हुए पत्र लिखा गया था।
लेकिन, अब फिर से ठेकों वाली जगह का सर्वे कराया गया है। शहर में 15 ठेकों के पास इस तरह की समस्या रहती है। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि इन्हें भी शिफ्ट कराना उचित है। लेकिन, तब तक के लिए शाम छह बजे से रात आठ बजे तक इन्हें बंद रखने की सिफारिश करते हुए जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है। इनमें तीन ठेके राजपुर रोड, तीन मसूरी रोड, एक चरकाता रोड, तीन हरिद्वार रोड, एक रायपुर रोड, एक घंटाघर, एक रायपुर रोड और दो चकराता रोड पर हैं।
ठेकों के आवंटन में पुलिस से भी ली जाए रिपोर्ट
हर साल या दो साल बाद प्रदेश में शराब के ठेकों का आवंटन होता है। ऐसे में एसपी ट्रैफिक ने पत्र में लिखा है कि भविष्य में ठेका आवंटन के वक्त यातायात पुलिस की भी रिपोर्ट ली जाए। ताकि, इस तरह की समस्याएं न हों।