जौनसार बावर जनजातीय सरकारी सस्ता गला एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दुकानों में उपयोग के लिए दी जा रही डिजिटल मशीन लेने से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि जब तक कई साल का बकाया भाड़ा व लाभांश का भुगतान नहीं किया जाता तब तक वह मशीन नहीं लेंगे। साथ ही उन्होंने डिजिटल मशीन के उपयोग के लिए प्रशिक्षण नहीं दिए जाने की बात भी कही है। राशन विक्रेता कोरोना काल व इसके बाद के कई साल में अलग-अलग समय के भाड़ा व लाभांश के भुगतान की मांग करते चले आ रहे हैं। इसी क्रम में त्यूणी तहसील मुख्यालय पर पहुंचे राशन विक्रेताओं ने कहा कि पूर्ति विभाग दुकानों पर उपयोग के लिए डिजिटल मशीन उपलब्ध करा रहा है। लेकिन वह तब तक मशीन नहीं लेंगे जब तक उनका बकाया भाड़ा व लाभांश का भुगतान नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राशन वितरकों को मशीन का प्रशिक्षण नहीं दिए जाने के कारण अभी वह उसका संचालन करने में भी असमर्थ हैं। इस दौरान उन्होंने अपनी मांग से संबंधित एक ज्ञापन भी तहसील प्रशासन के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रेषित किया। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष नरेंद्र रावत, बलवीर चौहान, रोशन लाल, राजू शर्मा, श्याम सिंह, भागमल, नेपाल सिंह आदि शामिल रहे। संवाद