राजधानी के एक निजी स्टेडियम में खेले गए रणजी ट्रॉफी मुकाबले में उत्तराखंड ने हैदराबाद को 78 रन से हरा दिया। दोनों ही पारियों में उत्तराखंड के गेंदबाजों के आगे हैदराबाद के बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। पहली पारी में दीपक धपोला ने पांच विकेट चटकाए तो दूसरी पारी में स्वप्निल के सिंह ने अपने 26.1 ओवर के स्पेल में छह विकेट लिए। उत्तराखंड की टीम अपना पहला मैच हिमाचल से हार गई थी।
निजी स्टेडियम में 18-21 अक्तूबर तक खेले गए मुकाबले में उत्तराखंड के गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा। उत्तराखंड ने पहली पारी में 325 रन बनाए। अवनीश सुधा ने 89, युवराज चौधरी ने 49, आदित्य तरे ने 69 और अभय नेगी ने 37 रनों का योगदान दिया। हैदराबाद की ओर से तान्या ने सर्वाधिक चार विकेट झटके। हैदराबाद अपनी पहली पारी में 292 रन ही बना सका। टीम के विकेट कीपर राहुल ने सर्वाधिक 94 रनों की शानदार पारी खेली। हिमातेजा 78 और तन्मय अग्रवाल ने 30 रन बनाए। उत्तराखंड की ओर से पहली पारी में दीपक धपोला ने 21 ओवरों में पांच विकेट झटके। वहीं दूसरी पारी में खराब शुरुआत के बाद भी उत्तराखंड ने 235 रन बनाए। शुरुआती झटकों के बाद कप्तान आर समर्थ और कुनाल चंदेल ने पारी संभाली। समर्थ ने 57 और कुनाल ने 66 रन बनाए। 268 रन का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम दूसरी पारी में उत्तराखंड की घातक गेंदबाजी के आगे ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। तेज गेंदबाज स्वप्निल सिंह के छह विकेट की बदौलत उत्तराखंड ने 190 रन में हैदराबाद को ऑलआउट कर दिया और 78 रन से मुकाबला जीत लिया। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए उत्तराखंड के स्वप्निल के सिंह को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार मिला। इस जीत के साथ उत्तराखंड को छह प्वाइंट मिल गए।