उत्तराखंड टीम ने भी नेट पर समय बिताया। दोनों ही टीमें इस मैच को काफी अहम मान रही हैं। जेएंडके के सामने उत्तराखंड के खिलाफ जीत दर्ज कर खुद को साबित करने की चुनौती होगी। वहीं, उत्तराखंड टीम जेएंडके टीम के साथ इरफान पठान जैसा बड़ा नाम जुड़ा होने के कारण किसी भी सूरत में जीत दर्ज कर अपने इरादे जाहिर करना चाहती है।
उत्तराखंड टीम के कप्तान उन्मुक्त चंद रविवार को प्रैक्टिस से दूर रहे। जानकारों ने बताया कि उन्मुक्त को जुकाम है, जिस कारण वह आराम चाहते हैं और नेट प्रैक्टिस में हिस्सा नहीं लिया। हालांकि, वह मैच के लिए पूरी तरह से फिट हैं और अपना शत प्रतिशत देने को तैयार हैं।
इरफान पठान ने उत्तराखंड को चेताया
पठान ने उत्तराखंड टीम को चेताया है कि जेएंडके टीम मैच जीतना जानती है। उन्होंने कहा कि जेएंडके में हर खिलाड़ी अपने आप में खास है और इस मैच में उत्तराखंड टीम को कड़ी चुनौती मिलेगी। उन्हें पूरी उम्मीद है कि जेएंडके टीम सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी।