सेलाकुई। हरिपुर स्थित सन साइन स्कूल में दुर्गा वाहिनी ने नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नशे के घातक दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया गया और समाज में इसके कारण बढ़ रही बुराइयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित दुर्गा वाहिनी की जिला संयोजिका रीना रावत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा एक स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए युवाओं का नशे से मुक्त होना अनिवार्य है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहें बल्कि, अपने आसपास के वातावरण और परिवार को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान दें। इस मौके पर खंड संयोजिका सुनीता चौहान, खंड सह संयोजिका रचना जोशी, सुमन रावत आदि मौजूद रहे। संवाद