अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भाजपा ने मोहम्मद दीपक और राहुल गांधी की मुलाकात के महिमामंडन पर कटाक्ष करते हुए इसे कांग्रेस की तुष्टिकरण की रणनीति बताया है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विधायक विनोद चमोली ने तंज कसते हुए कहा कि जो दीपक से मुहम्मद दीपक बन जाएगा वो कांग्रेस के लिए पूजनीय है। प्रदेश की जनता ऐसी कालनेमि प्रवृति और उसे बढ़ावा देने वालों को कभी स्वीकार नहीं करेगी। ऐसी प्रवृत्ति को देवभूमि की डेमोग्राफी और शांति व्यवस्था के लिए खतरनाक बताया है। सवाल उठाते हुए कहा कि जिन राहुल गांधी को मिलने के लिए कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता लाइन में लगे रहते हैं। उनका मोहम्मद दीपक से गले मिलना, बढ़ा-चढ़ाकर पेश करना, कहीं न कहीं उत्तराखंड में तुष्टिकरण को बढ़ावा देने वाला काम है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस की ओर से मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से जिस तरह प्रचार किया जा रहा है, उससे सवाल उठता है कि क्या वे कहना चाहती है कि जो दीपक कश्यप से मुहम्मद दीपक बन जाएगा, वह उनके लिए आदरणीय और नेतृत्वकर्ता साबित होगा। आखिर कांग्रेस किस तरफ इस प्रदेश को ले जाना चाहते हैं? इस मंशा को हम सफल नहीं होने देंगे।