परिजनों ने बुधवार सुबह घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि उनके चेहरे और सिर पर चोट के निशान हैं। परिजनों ने आशंका जताई कि किसी ने उनकी हत्या की है। वहीं, पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
एसओ संजीव थपलियाल ने बताया कि परिजनों ने रात सूचना नहीं दी थी। बुधवार की सुबह सूचना पुलिस को दी गई। परिजनों से हत्या के पीछे की वजह जाननी चाही तो वे कुछ बता नहीं पाए। पुलिस की ओर से हर बिंदु पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी सामने आएगा, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरे
प्रॉपर्टी डीलर की मौत के मामले में पुलिस घटनास्थल के आसपास और सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। इतना ही नहीं रात में बाबूराम के पास किन लोगों ने कॉल की है और उनकी लोकेशन कहां थी, इसकी भी बारीकी से छानबीन कर रही है। इसके अलावा पुलिस यह भी पता कर रही है कि बाबूराम के साथ कार में कोई दूसरा तो नहीं था। साथ वह किन-किन लोगों के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे, उनका भी पता लगाया जा रहा है।