विकासनगर। लाइन जीवनगढ़ के डाकपत्थर की ओर जाने वाली सड़क किनारे बनी सिंचाई गूल से बहकर सड़क पर फैला पानी आवाजाही करने वालों के लिए मुसीबत बन रहा है। स्थानीय निवासियों ने सिंचाई विभाग से गूल की सफाई कराने की मांग की है। सिंचाई गूल के चोक हो जाने से डाकपत्थर को जाने वाली सड़क पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जिससे आवाजाही करने वाले वाहन सवार व पैदल चलने वालों को परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय निवासी बलबीर, सावित्री, नारायण, शहजाद आदि ने बताया कि सिंचाई गूल की देखरेख नहीं किए जाने से आए दिन इस प्रकार की समस्या उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासी सिंचाई विभाग से बार-बार शिकायत करते हैं लेकिन, कोई समाधान नहीं किया जाता है। उधर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता प्रेमलाल नौटियाल ने बताया कि लोग घरों का कूड़ा गूल में डाल देते हैं, जिससे इस प्रकार की समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि चोक गूल को तत्काल साफ कराया जाएगा। संवाद