रामलीला मंचन के लिए तैयारी तेज हो गई है। कलाकार अपने अभिनय का लगातार रिहर्सल कर रहे हैं। अजबपुर कलां के आजाद मैदान में श्री रामकृष्ण लीला समिति की ओर से 21 साल बाद शुरू हो रही रामलीला 15 अक्तूबर से होगी। समिति के अध्यक्ष अभिनव थापर ने बताया कि टिहरी के पुरानी रामलीला के पुनर्जीवित होने से नई पीढियों को अपने इतिहास और सनातन धर्म की परंपराओं के साथ जुड़ने का मौका मिलेगा। इस रामलीला में चौपाई, कथा, संवाद मंचन आदि सब टिहरी की चली आ रही प्रसिद्ध व प्राचीन रामलीला के जैसा ही होगा।
Iश्री शतचंडी की विशेष पूजा-अर्चना होगीI
टपकेश्वर मंदिर की माता वैष्णो देवी गुफा में 15 से 23 अक्तूबर तक शारदीय नवरात्रि में श्री शतचंडी की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। माता वैष्णों देवी गुफा के संस्थापक आचार्य बिपिन जोशी ने बताया कि पूजा अनुष्ठान के लिए ब्राह्राण हरिद्वार से पहुचेंगे। 15 अक्तूबर को सुबह पूजा-अर्चना के साथ घट स्थापना और हरियाली बोने के साथ ही अनुष्ठान का शुभारंभ होगा। 22 अक्तूबर को सुबह कन्या पूजन के साथ 23 अक्तूबर को श्री शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहूति होगी। भक्तों के लिए मात्र सवा रुपए के संकल्प के साथ विशेष पूजा अनुष्ठान में यजमान बनने का अवसर मिलेगा।
Iनिर्माण कार्य की जांच की मांगI
आरटीओ की छत पर पांच कमरों के अस्थाई टीन चादर के निर्माण में अनियमितता की जांच की मांग सीएम से की गई है। आरटीआई एक्टिविस्ट विजय वर्धन डंडरियाल ने कहा कि विभाग ने निर्माण करने वाले ठेकेदार और इसके खर्च के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने मुख्यमंत्री से इसके निर्माण पर जांच को परिवहन सचिव को सौंपने की मांग की है।
Iजेंडर और समाजीकरण विषय पर हुई विचार गोष्ठीI
दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र सभागार में जेंडर और समाजीकरण विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। सामाजिक कार्यकर्ता दीपा कौशलम ने भारतीय समाज में समाजीकरण के मुद्दों पर बात की। वक्ताओं ने कहा कि जेंडर और समाजीकरण का एक दूसरे से घनिष्ठ संबंध है। इस अवसर पर प्रोफेसर रीना उनियाल तिवारी, जीत बहादुर, एडवोकेट चंद्रा, माधुरी, नाहिद परवीन, निकोलस हॉफलैंड, सुंदर एस बिष्ट, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।