- राज्य महिला आयोग ने लिया संज्ञान
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। चकराता क्षेत्र में छह माह की गर्भवती के साथ दुष्कर्म के मामले में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने स्वत: संज्ञान लिया है। उन्होंने मामले की जांच को राजस्व पुलिस से हटाकर नियमित पुलिस को सौंपने के निर्देश दिए हैं, ताकि निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। आयोग ने पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और गर्भावस्था को देखते हुए तत्काल उचित चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराने के भी आदेश दिए हैं। आयोग पूरे मामले की लगातार मॉनिटरिंग करेगा। इस मामले में पीड़िता अनुसूचित जाति की है। उसने गांव के एक युवक पर सार्वजनिक शौचालय में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आयोग अध्यक्ष कंडवाल ने इस घटना को अत्यंत दुखद और महिला अस्मिता पर सीधा प्रहार करार दिया। उन्होंने जिलाधिकारी और एसपी देहात को कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।