पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन का बेटा दिव्य प्रताप सिंह बुधवार को देहरादून पुलिस के सामने पेश नहीं हुआ। पुलिस की ओर से जारी नोटिस में उसे घटना के संबंध में अपना पक्ष रखने और जांच में शामिल होने के लिए तीन दिन का समय दिया गया था। नोटिस सोमवार को जारी किया गया था, लेकिन वो नहीं आया। अब वो कल पेश हो सकता है।
मामला पूर्व मुख्य सचिव के बेटे आर. यशोर्धन के साथ मारपीट और लाइसेंसी हथियार दिखाकर धमकाने से जुड़ा है, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।राजपुर में दर्ज इस मामले में जांच अधिकारी ने आरोपी दिव्य प्रताप सिंह से पूछताछ के लिए सवालों की एक सूची तैयार कर ली है। ये सवाल मुख्य रूप से सीसीटीवी फुटेज में दिख रही घटनाक्रम की पुष्टि और दिव्य प्रताप के बयान लेने पर केंद्रित हैं।
अपने लाइसेंसी हथियार दिखाकर पीड़ित को डराने-धमकाने और आतंकित करने के आरोपों पर बयान लिया जाएगा, जिसके साक्ष्य विवेचना में पाए गए हैं। विवेचना के दौरान मुकदमे में जोड़ी गई धाराओं के संबंध में भी पूछताछ होगी।
ये भी पढे़ं...Uttarakhand: चैंपियन के कार चालक की जानकारी होगी तलब, ओवरस्पीडिंग के चालान लंबित होने पर आरटीओ सख्त
दूसरी ओर घटना की गंभीरता को देखते हुए, हरिद्वार जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) ने दिव्य प्रताप सिंह को जारी तीन शस्त्र लाइसेंसों, जिनमें दो रिवाल्वर और एक बंदूक है, तीनों को निलम्बित कर दिया है। डीएम ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर जवाब देने को कहा है कि क्यों न उनके लाइसेंस निरस्त कर दिए जाएं।