देहरादून। डाक विभाग उत्तराखंड परिमंडल की ओर से ग्राहकों की शिकायतों के निस्तारण के लिए 29 सितंबर को मासिक डाक अदालत आयोजित की जाएगी। अदालत का आयोजन शाम चार बजे किया जाएगा। इसमें डाक विभाग से जुड़ी विभिन्न शिकायतों पर सुनवाई की जाएगी। डाक विभाग ने रजिस्ट्री, पार्सल, वीपी, मनीऑर्डर और बचत बैंक समेत अन्य डाक सेवाओं से संबंधित शिकायतें आमंत्रित की हैं। शिकायत स्पष्ट और पूर्ण तथ्यों के साथ निर्धारित तिथि तक परिमंडलीय कार्यालय में संबंधित अधिकारी के नाम भेजी जा सकती हैं। प्रत्येक शिकायत के लिए अलग-अलग शिकायती पत्र देना होगा। पत्र के ऊपर स्पष्ट अक्षरों में डाक अदालत हेतु शिकायत लिखना अनिवार्य होगा। शिकायतें 29 सितंबर तक भेजी जा सकेंगी। ऐसे मामलों को डाक अदालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा जिनका न्यायालय में निर्णय हो चुका है या जो उपभोक्ता फोरम में विचाराधीन हैं। इसके अलावा डाक महानिदेशालय से निस्तारित, पहले डाक अदालत में शामिल हो चुके और अस्पष्ट मामलों पर भी सुनवाई नहीं होगी।