छुट्टी में भी पोस्टमैन ने पहुंचाई राखियां, आज निपटाना चुनौती - कल है रक्षाबंधन, डाक विभाग को आज करनी होगी सभी राखी डाक की डिलीवरी माई सिटी रिपोर्टर देहरादून। बकरीद पर सरकारी अवकाश के दिन पोस्टमैन लोगों को राखी डाक पहुंचाने में लगे रहे। शहरभर में करीब 100 पोस्टमैन ने 40 हजार से ज्यादा राखियां लोगों तक पहुंचाई। अभी भी 50 हजार से ज्यादा डाक शेष हैं। रविवार को इन राखियों को गंतव्य तक पहुंचाना चुनौती साबित होगा। कोरोना संकट के चलते व अन्य कारणों से दूसरे राज्यों में रह रही बहनें इस बार अपने भाईयों के पास नहीं जा पा रही हैं। उन्होंने डाकघर में डाक से राखी भेजी हैं। देहरादून के जीपीओ व अन्य शाखाओं में रोजाना हजारों की संख्या में डाक पहुंच रही हैं। डाक विभाग ने हर भाई तक राखी डाक पहुंचाने के लिए शनिवार को बकरीद व रविवार को अवकाश के दिन डिलीवरी सेवा जारी रखी है। रक्षाबंधन को अब महज रविवार का दिन शेष है। ऐसे में डाक विभाग के लिए यह दिन खासा मायने रखेगा। ----------------- 24 घंटे काउंटर में मिलेगी सेवा:: जीपीओ में 24 घंटे की सेवा के लिए विशेष काउंटर लगाया गया है। इसमें राखी डाक से भेजने के अलावा अन्य राज्यों से आई राखी डाक भी ली जा सकेगी। प्रवर डाक अधीक्षक चमोला ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को जानकारी है कि उनकी राखी डाक जीपीओ में पहुंच चुकी है तो वह जीपीओ में लगे काउंटर में पहुंचकर ले सकते हैं। -------------------- जीपीओ समेत शहर सभी शाखाओं में करीब 100 से ज्यादा पोस्टमैन डिलीवरी सेवा में लगाए गए हैं। वे अवकाश के दिन भी पूरी मेहनत से बहनों की राखियां भाईयों तक पहुंचा रहे हैं। रविवार को और अधिक ऊर्जा के साथ कर्मी काम करेंगे। पोस्टमैन का योगदान सराहनीय है। ... अनसूया प्रसाद चमोला, प्रवर डाक अधीक्षक (देहरादून मंडल)