1880 मतदेय स्थलों में से 940 पर लाइव वेब कास्टिंग से नजर रखी जाएगी। प्री-पोल की प्रक्रिया भी कैमरों की निगरानी में होगी। मतदान के बाद लाइव वेब कास्टिंग की रिकॉर्डिंग का मेमोरी कार्ड पीठासीन अधिकारी को सौंपा जाएगा। पीठासीन अधिकारी ईवीएम मशीन के साथ ही मेमोरी कार्ड को स्ट्रांग रूम में जमा कराएंगे।
टिहरी संसदीय लोकसभा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस बार 50 फीसदी मतदेय स्थलों पर लाइव वेब कास्टिंग से निगरानी होगी। इसके लिए विकास भवन में वेब कास्टिंग कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। वेब कास्टिंग नोडल अधिकारी ओमशंकर सिंह ने बताया कि मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टियों के पहुंचने पर लाइव वेब कास्टिंग का ड्राई रन किया जा रहा है। मतदान से पहले 940 पोलिंग बूथ पर होने वाली प्री-पोल प्रक्रिया कैमरों की निगरानी में कराई जाएगी।
-
कंट्रोल रूम से विधानसभावार होगी निगरानी
कंट्रोल रूम से 10 विधानसभाओं के लिए निगरानी तंत्र बनाया गया है। प्रत्येक विधानसभा पर नोडल और सह नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मतदेय स्थलों पर कोई भी अनियमितता दिखाई देने पर तुरंत सेक्टर मजिस्ट्रेट को कंट्रोल रूम से सूचित किया जाएगा। कोई दिक्कत आने पर जोन मजिस्ट्रेट के साथ तैनात टेक्निल एक्सपर्ट की टीम मतदेय स्थलों पर पहुंचकर समस्या का निराकरण करेगी। इसके बाद निर्बाध रूप से वेब कास्टिंग की जाएगी। कंट्रोल रूम में भी टेक्निकल एक्सपर्ट की टीम तैनात रहेगी।
-
स्ट्रांग रूम में लगी स्क्रीन पर निर्वाचन कोर कमेटी रखेगी नजर
रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज को स्ट्रांग रूम बनाया गया है। विकास भवन कंट्रोल रूम से स्ट्रांग रूम में लगी स्क्रीन पर लाइव वेब कास्टिंग होगी। वहीं, स्ट्रांग रूम पर निर्वाचन कोर कमेटी के आला अधिकारी जिलाधिकारी के नेतृत्व में निगरानी करेंगे।