नियमितिकरण समेत अन्य मांगों के समर्थन में था कूच
संविदा कर्मियों के नियमितिकरण, भर्ती विज्ञप्ति जारी करने समेत विभिन्न मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री आवास कूच करने पहुंचे बेरोजगारों को पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। इस बीच पुलिस और बेरोजगारों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और बेरोजगार सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। यातायात बाधित होने पर पुलिस ने बेरोजगारों को गिरफ्तार कर लिया और एकता विहार धरना स्थल ले जाकर छोड़ दिया। बेरोजगारों ने चेतावनी देते हुए कहा, जल्द मांगें पूरी नहीं की गई तो वह उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले सैकड़ों युवा शनिवार को गांधी पार्क में एकत्रित हुए। यहां से सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सीएम आवास कूच के लिए निकले। बेरोजगार युवा परेड ग्राउंड से सुभाष रोड, दिलाराम तिराहा होते हुए हाथीबड़कला पुलिस स्टेशन तक पहुंचे। हालांकि, हाथीबड़कला पर पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस बीच प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर धरना स्थल एकता विहार छोड़ दिया। बॉबी पंवार ने आरोप लगाया, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार युवाओं को गुमराह कर रहे हैं। युवाओं के विभिन्न मुद्दों पर संवाद स्थापित कर सकारात्मक रुख नहीं अपना रहे हैं। जिससे गुस्साए बेरोजगार आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में संघ के उपाध्यक्ष राम कंडवाल, जेपी ध्यानी, नितिन दत्त, सुशील कैंतूरा, सुरेश सिंह, बिट्टू वर्मा, विशाल चौहान, संजय सिंह, अरविंद सिंह, कृष्णा प्रसाद, सचिन पुरोहित, पंकज तिवारी आदि मौजूद रहे।