रिकॉर्ड रूम में जांच करते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
सब रजिस्ट्रार कार्यालय में हुई गड़बड़ी की जांच में पुलिस ने कार्यालय से दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। पुलिस ने यहां से चारों रजिस्ट्री से संबंधित तीन जिल्द हासिल की हैं। इन्हीं जिल्द में रजिस्ट्री में छेड़छाड़ की बात सामने आई थी। अब एसआईटी की निगरानी में पुलिस इनकी जांच करेगी। जल्द ही पुलिस संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को भी पूछताछ के लिए बुला सकती है।
बता दें कि जिलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर सब रजिस्ट्रार कार्यालय में हुई गड़बड़ी की जांच की गई थी। इसमें चार बड़ी जमीनों में फर्जीवाड़े की बात सामने आई तो कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। प्रशासन की ओर से पुलिस को वर्ष 2000 से अब तक तैनात रहे सब रजिस्ट्रार और लिपिकों की सूची भी सौंपी गई थी। इनमें कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की मौत हो चुकी है। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेश पर मंगलवार को पूर्व आईएएस सुरेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में एसआईटी भी गठित की गई है।
शहर कोतवाल राकेश गुंसाई ने बताया कि बुधवार को सब रजिस्ट्रार कार्यालय से दस्तावेज कब्जे में लिए गए हैं। ये सब दस्तावेज वहां रखीं जिल्द में थे। इन्हीं में से कुछ कागजात फाड़कर उनके स्थान पर दूसरे कागज लगाए गए हैं। प्रशासनिक जांच में यह बात सामने आई थी। इसी क्रम में अब पुलिस भी अपनी जांच जारी रखेगी। जल्द ही इन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भी भेजा जा सकता है। इसके साथ ही संंबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पूछताछ के लिए भी बुलाया जाएगा।