छात्रों को दी नशे से दूर रहने का संदेश
पुलिस की पाठशाला : नशे के दुष्प्रभाव और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
कहा- फैशन और स्टाइल पर नहीं, पढ़ाई पर फोकस करें छात्र
वरिष्ठ उपनिरीक्षक भुवन चंद ने कहा कि नशा जिंदगी को तबाह कर देता है। नशे की दुनिया से वापसी मुश्किल है। छात्र जीवन में इससे दूर रहने और पढ़ाई पर फोकस करने की जरूरत है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में श्री गुरु रामराय इंटर कॉलेज सहसपुर में आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यशाला में 800 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जिन्हें नशे के दुष्प्रभाव और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। छात्रों को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेट फार्म से भी दूर रहने की सलाह दी गई। एसएसआई भुवनचंद ने कहा कि नशे में डूबा व्यक्ति सही निर्णय नहीं ले सकता है। सिगरेट और बीड़ी से हुई शुरुआत नशे की गर्त में ले जाती है। छात्र जीवन में सबसे ज्यादा लोग नशे की चपेट में आते हैं।
उन्होंने कहा कि एक छोटी से शुरुआत आदमी को नशे की दलदल में धकेल देती है। जिससे निकल पाना बेहद मुश्किल होता है। छात्रों का फोकस फैशन और स्टाइल पर नहीं, बल्कि पढ़ाई पर होना चाहिए। कहा कि एक पढ़ा लिखा व्यक्ति ही राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने माता-पिता को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
दुपहिया चलाते वक्त अनिवार्य रूप से हेलमेट पहने। चौपहिया चलाते वक्त सीट बेल्ट जरूर बांधे। उन्होंने कहा कि छात्रों को सोशल मीडिया से बचने की जरूरत है। सोशल मीडिया के जरिए अपनी व्यक्तिगत जानकारी, फोटो और वीडियो किसी के साथ साझा न करें। प्रधानाचार्य डॉ. रवींद्र कुमार सैनी ने कार्यशाला के आयोजन पर अमर उजाला फाउंडेशन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अखबारों के माध्यम से हम तक सही जानकारी पहुंचती है।