देहरादून। घर से नाराज होकर निकले 10 वर्षीय बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिलवा दिया। डालनवाला क्षेत्र में चीता ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आराघर क्षेत्र में एक बालक अकेले और परेशान अवस्था में घूमता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने बालक को अपने संरक्षण में लेकर बातचीत की। पूछताछ के दौरान बालक ने अपना और अपने पिता का नाम बताया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास शुरू किए। पुलिस ने कंट्रोल रूम के माध्यम से बालक के परिजनों की तलाश के लिए सूचना प्रसारित की। पुलिस टीम ने विभिन्न माध्यमों से लगातार संपर्क और जानकारी जुटाने का प्रयास किया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए और कुछ ही समय में बालक के परिवार के बारे में जानकारी मिल गई। सूचना मिलने पर परिजनों को डालनवाला थाने बुलाया गया। बालक के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र घरवालों की डांट से नाराज होकर घर से निकल गया था। डालनवाला थाना प्रभारी संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में बालक की काउंसलिंग कराई गई। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद बालक को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।