सेलाकुई स्थित रेजी इंडिया कंपनी की ईमेल आईडी हैक कर एक करोड़ 10 लाख रुपये ठगने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने 67 लाख रुपये वापस करा दिए है, पुलिस का दावा है कि अन्य राशि भी जल्द मिल जाएगी। धोखाधड़ी से यह रकम ताइवान के बजाए यूके के बार्कले बैंक के खाते में स्थानांतरित की गई थी।
साइबर थाने के इंस्पेक्टर अशोक त्यागी ने बताया कि सेलाकुई की रेजी इंडिया कंपनी के आस मोहम्मद की तरफ से नौ मार्च को अभियोग दर्ज कराया गया था कि उनकी कंपनी की ईमेल आईडी हैक कर उनके खाते से चार किश्तों में एक करोड़ 10 लाख रुपये यूके (यूनाइटेड किंगडम) बार्कले बैंक के खाते में स्थानांतरित कर दिए।
यह रकम ताइवान के एक खाते में जानी थी, जो जालसाजी से यूके ट्रांसफर करा दी गई। इंस्पेक्टर भारत सिंह द्वारा इसकी विवेचना की गई। तकनीकी आधार पर कार्रवाई करते हुए कंपनी की 67 लाख रुपये की रकम वापस कराई गई है। बाकी रकम वापस कराने की प्रक्रिया चल रही है। ईमेल हेकिंग मामले की विवेचना में दोषियों को चिन्हित करने की कार्रवाई चल रही है। इंस्पेक्टर ने बताया कि इसके अलावा अन्य फ्राड के करीब 58 हजार रुपये वापस कराए गए।
इस साल में 11 लाख 61 हजार रुपये वापस कराए गए है। उधर एसटीएफ की एसएसपी पी रेणुका देवी ने दावा किया कि जागरूकता अभियान से बैंक फ्राड और सोशल मीडिया के अपराधों में लगातार कमी आयी है। साइबर थाने का जागरूकता मुहिम आगे भी जारी रहेगी।