विकासनगर। लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पुलिस-प्रशासन असलाह जमा कराने की अपील कर रहा है। इसके लिए पुलिसकर्मी असलाह धारकों से फोन के जरिए संपर्क साध रहे हैं।
प्रत्याशियों के नामांकन के बाद लोकसभा चुनाव का प्रचार तेज हो गया है। इसे देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने भी कमर कस ली है। पूर्व तक थाना स्तर पर असलाहों का सत्यापन किया जा रहा था, लेकिन अब जिलाधिकारी ने अनिवार्य रूप से सभी असलहों को संबंधित थाने में जमा कराने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद लोग असलाह जमा कराने थाने पहुंच रहे हैं। कोतवाली में अब तक करीब 200 लोग असलाह जमा करा चुके हैं।
कोतवाली विकासनगर, त्यूणी, चकराता, कालसी, सहसपुर और सेलाकुई थाना क्षेत्र में करीब 900 लाइसेंसी असलाह धारक हैं। जिला प्रशासन के निर्देश के बाद कोई भी लाइसेंस प्राप्त हथियार धारक हथियार के साथ पकड़ा जाता है, तो उसका लाइसेंस निरस्त होने का प्राविधान है।
सीओ विकासनगर भाष्कर शाह ने कहा कि पूर्व में असलाहों का सत्यापन किया गया। इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई है। चुनाव को देखते हुए सभी को अपने असलाह थाने में जमा कराने हैं। इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों को भी निर्देशित कर दिया गया है।