भिक्षावृत्ति में लिप्त दो महिलाओं और एक पुरुष के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इनके पास से एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने दो बच्चों को भी रेस्क्यू किया है। तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं और लंबे समय से भिक्षावृत्ति कर रहे थे। आरोपियों के साथियों के बारे में भी जानकारी की जा रही है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि लगातार सूचनाएं मिल रही थी कि शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर भिक्षावृत्ति करने वालों का जाल फैला हुआ है। इसके लिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को मामले की जांच दी गई थी। यूनिट ने दर्शनलाल चौक पर देखा कि दो महिलाएं अपनी गोद में बच्चों को लेकर वाहनों के शीशे खटखटा रही थीं। इससे यातायात तो बाधित हो रहा था। साथ ही वहां से आने-जाने वालों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
Uttarakhand: शहरों में यातायात सुधार के लिए बनेगा प्राधिकरण...दून, ऋषिकेश और हरिद्वार से होगी शुरुआत
इस पर टीम ने वहां से दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया। पुरुष ने अपना नाम जवादासर खान निवासी बकतपुर हजरतपुर बदायूं बताया। जबकि, महिलाओं के नाम रोमा निवासी मनग्रह गोंडा और चंचला निवासी महमूदाबाद सीतापुर हैं।
तीनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश भिक्षावृत्ति अधिनियम के तहत डालनवाला और कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। इनके साथ भिक्षावृत्ति कर रहे पांच वर्ष और 12 वर्ष के बच्चों को भी मुक्त कराया गया है। आरोपियों के अन्य साथियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। एसपी सिटी ने बताया कि शहर के विभिन्न चौराहों पर इस तरह का अभियान जारी रहेगा।