I गोली लगने से बुजुर्ग की हुई थी मौत, एक युवक घायल
I
I भूमि देखने गए थे आरोपी, हो गया विवादI
कोतवाली क्षेत्र के डुमेट में गोलीकांड के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उत्तरप्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी डुमेट में सौदे के लिए भूमि देखने आए थे। विवाद के दौरान आरोपियों ने बीच बचाव के लिए आए एक बुजुर्ग और युवक पर फायर झोंक दिया था। सीने पर गोली लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई थी।
रविवार को एसएसपी अजय सिंह ने देहरादून में डुमेट हत्याकांड का खुलासा किया। एसएसपी ने बताया कि शनिवार को विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के डुमेट निवासी निर्मल सिंह ने सूचना दी कि कुछ बदमाशों ने उसके पिता और एक अन्य युवक को गोली मार दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीन लोग HR32C5735 (हरियाणा नंबर) की कार से गांव में आए थे। उनकी पड़ोस में रहने वाले रूप सिंह की पत्नी छुमो देवी से भूमि स्वामित्व को लेकर बहस हो रही थी। बघेल सिंह सिंह अपने बेटे निर्मल और अन्य के साथ मौके पर पहुंचे।
स्वयं को ग्रामीणों से घिरता देख आरोपियों ने ग्रामीणों पर फायर झोंक दिया। बघेल के सीने और अतुल के कंधे पर गोली लग गई। बघेल सिंह की मौत हो गई। एसएसपी ने बताया कि आरोपी मौके पर अपनी कार को छोड़ कर स्थानीय युवक अनिल से स्कूटी लूट कर फरार हो गए।
एसएसपी ने बताया कि घटना में दो अलग-अलग तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट के मुकदमे दर्ज किए गए। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम गठित की गई। वहीं जिले में सभी थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
बताया कि पुलिस ने कालसी में काली मंदिर के पास से स्कूटी और पिस्टल बरामद की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया। सर्विलांस टीम की भी मदद ली गई। बताया कि पुलिस ने दो आरोपियों को रायपुर में आईटी पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने अपना नाम विनीत (28) और शुभम (24) बताया। विनीत उत्तरप्रदेश के मेरठ के थाना मेडिकल क्षेत्र के औरंग शाहपुर और शुभम मेरठ जिले के मवाना थाना क्षेत्र के सकौती का रहने वाला है। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह कालसी थाना क्षेत्र के लक्सयार निवासी राहुल और दसेऊ निवासी रोहित के कहने पर भूमि देखने के लिए गांव में गए थे।
उनके साथ मुजफ्फरनगर के बिजोपुरा निवासी नीटू भी था। एसएसपी ने बताया कि राहुल और रोहित को पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के जीवनगढ़ में आम के बाग के पास से गिरफ्तार कर लिया। नीटू अभी फरार चल रहा है। जिसकी तलाश की जा रही है।
Iपिस्टल और मैगजीन की बरामदI
पुलिस ने लूटी गई स्कूटी को शनिवार रात को ही बरामद कर लिया था। स्कूटी की डिग्गी में पुलिस को एक पिस्टल, पांच राउंड मिले। वहीं घटना स्थल से पुलिस को कारतूस का एक खोखा और दो बुलेट भी मिले थे। आरोपियों की कार पहले से ही पुलिस के कब्जे में है।