डीएवी के सेवानिवृत्त प्राचार्य के घर से चोरी करने वाली नौकरानी को पुलिस ने उसके साथी संग गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने जो पैसे घर से चुराए थे, उनसे एक बाइक भी खरीद ली थी। पुलिस ने इस बाइक को भी बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
एसएचओ डालनवाला राजेश साह ने बताया कि डॉ. ओमप्रकाश कुलश्रेष्ठ का साकेत कॉलोनी में घर है। उन्होंने गत 26 सितंबर को घर में काम काज के लिए प्रमिला चौधरी नाम की महिला को रखा था। उसने खुद को राजस्थान की रहने वाली बताया था। साथ ही बताया कि उसकी शादी राकेश चौधरी निवासी बल्लूपुर चौक के साथ हुई है। महिला अचानक आठ अक्तूबर को बिना बताए घर से निकल गई। जाते वक्त पिछले दरवाजे भी बाहर से बंद कर गई। घर से 1.35 लाख रुपये नकद और अन्य सामान चोरी हो गया था।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। इस बीच बुधवार को प्रमिला चौधरी को उसके साथी विकास क्षेत्री के साथ बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। आरोपियों ने बताया कि यह बाइक उन्होंने चोरी के पैसों से खरीदी थी।
Iताला तोड़कर घर से नकदी व सामान चोरीI
देहरादून। चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर नकदी व कीमती सामान चोरी कर लिया। एसएचओ कैंट संपूर्णानंद गैरोला ने बताया कि पंकज मलिक का आकाशदीप कॉलोनी में मकान है। वह परिवार के साथ सात अक्तूबर को घर से बाहर गए थे। वहां से वह मंगलवार को लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। अलमारी से 30 हजार रुपये, सर्विस के कागजात, पूजा घर से चांदी के सिक्के, अंगूठी, चेन आदि चोरी हो गए हैं। पंकज मलिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Iदुकान के काउंटर पर रखा फोन लेकर भागा युवकI
देहरादून। एक युवक ने दुकानदार के सामने ही काउंटर पर रखा उसका फोन चोरी कर लिया। एसएचओ पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि नरेंद्र रावत निवासी कैलाशपुर, मेहूंवाला ने इस मामले में शिकायत की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार दोपहर को अपनी परचून की दुकान में कुछ काम कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक आया और उसने कोल्डड्रिंक मांगी। जैसे ही वह कोल्डड्रिंक लेने के लिए फ्रिज की तरफ गए इस युवक ने काउंटर पर रखा उनका फोन चुरा लिया। नरेंद्र रावत बाहर आए और शोर मचाया, लेकिन युवक वहां से भाग निकला। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।