विकासनगर। लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है। इन दिनों थाना स्तर पर असलहों के सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की कुंडली भी खंगाली जा रही है। आदर्श आचार संहिता लागू होने पर चकराता और त्यूणी थाना क्षेत्र के लाइसेंसी हथियार धारकों ने अपना असलहा थाने में जमा कराने के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि, असलहा अनिवार्य रूप से जमा कराने के लिए जिला प्रशासन का कोई आदेश नहीं आया है। पछवादून के विकासनगर कोतवाली, त्यूणी, चकराता, कालसी, सहसपुर और सेलाकुई थाना क्षेत्र में करीब 900 लाइसेंसी असलाह हैं।
सीओ विकासनगर भास्कर शाह ने कहा कि अनिवार्य रूप से असलहा जमा कराने का कोई भी निर्णय डीएम और एसएसपी की स्क्रीनिंग कमेटी करती हैं। फिलहाल असलहों का सत्यापन किया जा रहा है। ऐसे लाइसेंसी हथियार धारकों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिन पर पूर्व में अभियोग पंजीकृत है। रिपोर्ट एसएसपी के माध्यम से जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।
लाइसेंस रद्द होने का है प्राविधान
यदि जिला प्रशासन के आदेश जारी होने के बाद कोई भी लाइसेंस प्राप्त हथियार धारक हथियार के साथ पकड़ा जाता है, तो उसका लाइसेंस निरस्त होने का प्राविधान है।