कई इलाकों में घरों में घुसा पानी
दून के कई इलाकों में पानी घुसने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नगर निगम आपदा कंट्रोल रूम में जलभराव की 23 से अधिक शिकायतें आईं। इसमें बंजारावाला, अजबपुरकलां, आजाद विहार, ऋषि विहार, हरिपुर नवादा, बद्रीश कॉलोनी, सेवलाकलां, मोहनी रोड, दिलाराम बाजार, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक, परेड ग्राउंड, कनक चौक, सरस्वती विहार, नेहरू ग्राम, वन विहार, अजबपुर खुर्द आदि इलाके शामिल हैं। यहां सड़कों के साथ ही घरों में भी पानी घुस गया था।
मोथरोवाला में रात को बनाई सड़क सुबह तक धंस गई
मोथरोवाला में एडिफाई स्कूल को जानी वाली सड़क सीवर लाइन के लिए खोदी गई थी। मंगलवार रात को एडीबी की ओर से यहां सड़क बनाई गई थी लेकिन बारिश के चलते पूरी सड़क धंस गई। स्थानीय लोग जहां गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं, वही एडीबी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय तिवारी ने बताया कि सड़क का निर्माण अस्थायी तौर पर किया गया था। सड़क रात को ही बनाई थी और तभी भारी बारिश हो गई। जिसके कारण सड़क धंस गई। फिर से सड़क का निर्माण किया जाएगा।
बंजारावाला के राजेंद्र एन्क्लेव में टूटी घर की दीवार, धंसा फर्स
बंजारावाला के राजेंद्र एन्क्लेव में सड़क का पानी एक घर में घुस गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि घर की दीवार क्षतिगस्त हो गई और फर्स भी धंस गया।
सीवर और पेयजल लाइन के लिए खुदी सड़कें कीचड़ में हुई तब्दील
दून के बंजारावाला, मोथरोवाला, आरकेडिया में सीवर लाइन और पेयजल लाइन बिछाने का काम चल रहा है। बारिश के कारण यहां तमाम सड़कें कीचड़ में तब्दील हो गई हैं। इससे लोगों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। मोहकमपुर के ऋषिकेश कॉलोनी और मधुवन कॉलोनी में जलभराव से निजात के लिए खोदे गए रिचार्ज पिट का मलबा सड़क पर ही पड़ा होने के कारण बारिश में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Weather: अगले 24 घंटे के दौरान चार जिलों में भारी बारिश के आसार, ऑरेंज अलर्ट जारी
सहस्रधारा कार्लीगाड और सोडा सरौली मार्ग मलबा आने से बंद
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अंतर्गत आने वाले सहस्रधारा-कार्लीगाड-सरोना मार्ग और सोडा सरौली अखंडवाली, भिलंग मोटर मार्ग पर मलबा आ गया। इससे इन मार्गों पर आवाजाही ठप हो गई। लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का काम कर रही है। दावा किया जा रहा है कि सुबह तक मार्ग को आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।