शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विद्यालयी वॉलीबाल प्रतियोगिता की बृहस्पतिवार को शुरुआत हुई। पहले दिन राज्य भर के खिलाड़ियों ने अपना हुनर दिखाया। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर में प्रतियोगिता की शुरुआत खेल विभाग के अपर सचिव जितेंद्र सोनकर ने बतौर मुख्य अतिथि की।
अंडर-14 बालक वर्ग के तहत हुए मैच में पौड़ी ने उत्तरकाशी और देहरादून ने नैनीताल को 2-0, ऊधमसिंह नगर ने हरिद्वार को 2-1 के स्कोर से हराया। अंडर-17 बालक वर्ग में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज ने नैनीताल को 2-0, चंपावत ने रुद्रप्रयाग को 2-1 और पिथौरागढ़ ने चमोली को 2-0 के स्कोर से हराया। अंडर-19 बालक वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून ने बागेश्वर को 2-0, चमोली ने रुद्रप्रयाग को 2-0 और ऊधमसिंह नगर ने पौड़ी को 2-0 के स्कोर से हराया।
प्रतियोगिता में अंडर-14 बालक वर्ग में 120 खिलाड़ी, अंडर-17 बालक वर्ग में कुल 165 खिलाड़ी और अंडर-19 बालक वर्ग में 156 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार रावत, प्रधानाचार्य राजेश ममगाईं, देवेंद्र खत्री, कमल चौहान, गोपाल बिष्ट, राजीव गौड़, सुरेश बिजल्वाण, आलोक चौधरी मौजूद रहे।