जिला प्रशासन की ओर से जारी परमिट की शर्तों के विपरीत संचालित रेडिमिक्स प्लांट को सील करते हुए रेत-बजरी समेत तमाम खनिजों की खरीद फरोख्त की मासिक रिपोर्ट न देने पर आठ खनन कारोबारियों के ई-रवन्ना पोर्टल को बंद करने के आदेश दिए गए। एडीएम प्रशासन डॉ. एसके बरनवाल ने एसडीएम से स्टोन क्रशर, रेडिमिक्स प्लांट, हॉट मिक्स प्लांट की सूची तलब की है।
एडीएम प्रशासन ने बताया कि यमुना बिल्डर्स एंड कांट्रैक्टर्स कंपनी को रेडिमिक्स प्लांट के साथ उप खनिजों के भंडारण की अनुमति दो साल के लिए दी गई, लेकिन संचालकों द्वारा शर्तों का उल्लंघन किया जा रहा था। नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया था, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया। आखिरकार यमुना बिल्डर्स एंड कांट्रैक्टर्स के रेडिमिक्स प्लांट के साथ ही पूरे परिसर को सील कर दिया गया। वहीं, रेत बजरी समेत तमाम खनिजों की खरीद-फरोख्त की मासिक रिपोर्ट न देने पर आठ खनन कारोबारियों शिव शक्ति ट्रेडर्स, एए कंस्ट्रक्शन, मार्क इंजीनियर्स, लीसा इंजीनियर, खनन कारोबारी जनक सिंह रावत, विपुल प्रकाश, गंभीर सिंह के अलावा राजेंद्र कुमार हांडा के ई-रवन्ना पोर्टल को बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं।
बताया कि खनन कारोबारियों द्वारा मार्च 2022 से लेकर सितंबर 2022 तक कोई प्रपत्र नहीं जमा कराया गया, इसके बाद ही पोर्टल को बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। बताया कि एसडीएम के माध्यम से उनके क्षेत्रों में संचालित ऐसे तमाम स्टोन क्रशर, हॉटमिक्स प्लांट, रेडी मिक्स प्लांट की सूची तलब की गई, जो फिलहाल परमिट की शर्तों के विपरीत संचालित किए जा रहे हैं। कहा कि ऐसे सभी प्लांट को तत्काल प्रभाव से सील किया जाएगा।