पलटन बाजार में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत नाली बनाने के लिए खोदी गई सड़क।
- फोटो : AMAR UJALA
माई सिटी रिपोर्टर देहरादून। स्मार्ट सिटी के आधे अधूरे काम व्यापारियों के लिए मुसीबत बन गए हैं। पलटन बाजार में एक तरफ जहां सड़क का खुदा मलबा दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है, वहीं दूसरी ओर नालियों में भरा पानी गंदगी और बदबू फैला रहा है। सड़कों के आगे गहरे-गहरे गड्ढे होने के कारण व्यापारियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। यही कारण है कि व्यापारी अधूरे पड़े कामों को जल्द पूरा करने की मांग कर रहे हैं। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पलटन बाजार में सड़कों की खुदाई का काम किया गया है। सड़क के साथ नाली बनाने के लिए करीब दो से तीन फीट चौड़ी और दो से ढाई फीट गहरी खुदाई की गई है। खुदाई के बाद इसका मलवा सड़क पर ही पड़ा हुआ है, जिससे पैदल और दुपहिया वालों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। मलवे के कारण कई दुर्घटनाएं भी हुई है, जिसमें लोग घायल भी हो गए। दूसरी ओर दुकानों के आगे बड़े-बड़े गड्ढे खुदे होने के चलते आने जाने का रास्ता तक नहीं रह गया है। दुकानदारों और ग्राहकों को घूम कर दुकान तक जाना पड़ रहा है। इसके अलावा गड्ढों में पानी भरने से कीचड़ और गंदगी भी हो रही है। व्यापारी प्रवीण जैन ने बताया कि अधूरे कामों से सभी व्यापारियों को दिक्कत हो रही है। लोग स्मार्ट सिटी के अधिकारियों और मेयर से भी कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन काम में तेजी नहीं आ रही है। अब बरसात में इससे और परेशानी बढ़ सकती है। -- 50-50 मीटर में होना था काम परियोजना की शुरुआत के समय भी व्यापारियों ने इसको लेकर आशंका जताई थी, जिस पर मेयर सुनील उनियाल गामा ने स्मार्ट सिटी अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि 50-50 मीटर कर के निर्माण कार्य किए जाएंगे। पहले 50 मीटर की खुदाई के बाद वहां निर्माण कार्य होगा। उसके बाद ही अगले 50 मीटर की खुदाई की जाएगी। तब व्यापारियों ने भी इस पर सहमति जताई थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। निर्माणदायी कंपनी ने एक साथ पूरी सड़क खोद दी। -- जल्द ही सभी कार्यदायी एजेंसियों की बैठक बुलाकर निर्माण कार्यों की समीक्षा की जाएगी। काम गुणवत्तापरक और समयबद्ध होने चाहिए। काम में तेजी लाई जाए ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े। रणवीर सिंह चौहान, सीईओ, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट