सीवर निर्माण कर रही कंपनी के विरोध में नारेबाजी करते दिनकर विहार के निवासी। स्रोत जागरूक पाठक
नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे यूलिप परियोजना के कार्य को दिनकर विहार क्षेत्र के लोगों ने रविवार को बंद करा दिया। निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि निर्माण कंपनी रात के अंधेरे में घटिया सामग्री का प्रयोग कर आधा-अधूरा काम कर रही है। लोगों ने मांग की कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच आईआईटी रुड़की से कराया जाए और कंपनी को ब्लैक लिस्टेड किया जाए। दिनकर विहार के गली नंबर दो स्थित बैंक कॉलोनी में शनिवार की रात कंपनी सीवर लाइन का निर्माण करने पहुंची थी। भनक लगते ही वहां स्थानीय लोग एकत्र हो गए। उन्होंने कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि निर्माण कंपनी रात के अंधेरे में काम करती है। गुणवत्ता को पूरी तरह दरकिनार किया जा रहा है। टेंडर लेने वाली कंपनी ने पेटी में कार्य दूसरे लोगों को दे दिया है। पेटी ठेकेदारों की चेन से होते हुए यह कार्य अब पूरी तरह मजदूरों के हाथ में आ गया है। वह बेतरतीब ढंग से सीवर लाइन डालने का काम कर रहे हैं। इससे आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक निर्माण कार्यों की जांच आईआईटी रुड़की से नहीं कराई जाती तब तक वह कंपनी को कार्य नहीं करने देंगे। नाराज क्षेत्रवासियों ने कंपनी को ब्लैक लिस्टेड करने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में परमसिंह चौहान, सरदार सिंह खन्ना, चतर सिंह तोमर, केशर सिंह चौहान, बीरबल सिंह राय, दीवान सिंह तोमर, टीकम सिंह रावत, मानसिंह चौहान, आनंद सिंह चौहान कलम सिंह रावत, जगत पूनम तोमर आदि शामिल रहे। एसडीएम ने विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है। लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।