नींबूवाला गढ़ी कैंट में संस्कृति विभाग की ओर से निर्मित उत्तराखंड के प्रथम हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र के उद्घाटन पर चार दिवसीय ‘निनाद’ कार्यक्रम शुक्रवार से शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर उत्तराखंड के प्रसिद्ध गायक पवनदीप और अरुणिता ने शानदार गीतों की प्रस्तुति देकर दूनवासियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, पद्मश्री प्रीतम भरतवाण ने भी बेहतरीन प्रस्तुति दी। आने वाले दिनों में हेमा मालिनी भी निनाद में प्रस्तुति देंगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का सजीव चित्र हम सबके सामने रखेगा। वहीं, हमारी सरकार की संस्कृति के विकास को भी परिभाषित करेगा। इस सांस्कृतिक केंद्र में स्थापित वृहद संग्रहालय में कई कलाकृतियां, मूर्तिकला आदि संग्रहित हैं। कार्यक्रम में पद्मश्री बसंती बिष्ट और उनके साथियों ने भांगल गीतों से कार्यक्रम की शुरुआत की। अल्मोड़ा से आए छोलिया नृत्य दलों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। जौनसारी, गोरखाली, चमोली के ढोल वादकों ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में संस्कृति, सिनेमा से जुड़े व्याख्यान हुए। संतोष रावत, निर्माता व निर्देशक मुकुद नारायण की ओर से तैयार फिल्म ‘पाताल ती’ प्रदर्शित हुई। मुख्यमंत्री ने फिल्म जगत से जुड़े प्रदेश के फिल्मकारों, छायाकारों, गायकों को भी सम्मानित किया। इनमें फिल्मकार संतोष रावत, फिल्म छायाकार कमलजीत नेगी, करन थपलियाल, अभिनेता चंदन बिष्ट, अभिनेत्री रूप दुर्गापाल, गायिका शिखा जोशी शामिल रहे। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, निदेशक संस्कृति बीना भट्ट, सचिव संस्कृति हरिचंद्र सेमवाल, लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी, जनकवि अतुल शर्मा, रोशन धस्माना, जुगल किशोर पेटशाली, कार्यक्रम संयोजक राजेश शाह, शालिनी शाह, समर वेलवाल आदि मौजूद रहे।