दसऊ गांव में होलियात निकालने के दौरान आपस में भिड़ते ग्रामीण। संवाद
होलियात निकालने के दौरान दसऊ स्थित मैदान में क्वाून और हाजा के ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। कुछ लोगों को उपचार के लिए दसऊ स्थित राजकीय एलोपैथिक अस्पताल ले जाना पड़ा। हालांकि, किसी भी पक्ष की ओर अब तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।दसऊ में नई दिवाली मनाई जा रही है। सोमवार रात को पशगांव खतवासी चीड़ की लकड़ी के होले जलाकर होलियात निकालते हुए छत्रधारी चालदा महासू महाराज के मंदिर के पास मैदान पहुंचे। यहां हाजा गांव के ग्रामीणों ने क्वानू गांव के लोगों से होलियात निकालने के दौरान एक आपत्तिजनक शब्द का प्रयोग न करने के लिए कहा, लेकिन क्वाून गांव के ग्रामीणों ने शब्द प्रयोग कर दिया। इसपर दोनों गांवों के ग्रामीण आमने-सामने आ गए। स्थिति तनावपूर्ण हो गई। खतों के लोगों ने किसी तरह दोनों गांवों के ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद नियमानुसार हाजा गांव के लोग देवता को होला चढ़ाने के लिए जाने लगे तो क्वानू गांव के ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। विरोध बढ़ने पर दोनों गांवों के कई ग्रामीण होले लेकर एक दूसरे पर टूट पड़े। इस दौरान कई लोगों को चोट आई। कुछ लोगों को मरहम पट्टी के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर घटना की खूब आलोचना हो रही है। थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया कि घटना की सूचना नहीं है। किसी भी पक्ष की ओर से अब तक तहरीर नहीं मिली है।