विकासनगर में तेज बारिश के बीच सिनेमा गली में बनी जलभराव की स्थिति।
- फोटो : VIKAS NAGAR
विकासनगर। बीते कई दिनों से शहर में बारिश से सड़कों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। मंगलवार भी सुबह क्षेत्र में बादल जमकर बरसे। सुबह सात बजे शुरू होकर 11 बजे तक बारिश होती रही। करीब पांच घंटे तक झमाझम हुई बारिश से जगह-जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दून-पांवटा हाईवे के किनारे बने नाले के चोक होने से पूरा हाईवे नदी में तब्दील हो गया। रामपुर, सेलाकुई, शंकरपुर में हाईवे के किनारे रहने वाले लोगों के घरों में पानी घुस गया। सुबह 11 बजे बारिश थमने के बाद ही पानी की निकासी हो सकी। इस दौरान लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हाईवे अधिक मात्रा में पानी जमा होने के कारण सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। वहीं नालों की सफाई न होने पर लोगों में लोनिवि के खिलाफ खासा रोष देखने को मिला। स्थानीय निवासी अयूब, मुकर्रम, अब्दुल आदि का कहना है कि अक्सर नाला चोक होने से सड़क तालाब बन जाती है। जिस कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हाईवे किनारे रहने वाले लोगों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है। पालिका क्षेत्र अंतर्गत भी जगह-जगह जलभराव होने से सड़कें तालाब बन गई। सिनेमा गली, गीता भवन रोड, पंजाबी कॉलोनी, एक्सचेंज रोड भी जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। जिस कारण यहां भी लोगों को फजीहत झेलनी पड़ी। सिनेमा गली पर सुबह स्कूल आने-जाने वाले छात्रों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश समाप्त होने के बाद पानी उतरने पर लोगों ने राहत की सांस ली।