उत्तराखंड प्रो लीग (यूपीएल) के दूसरे संस्करण का खिताबी मुकाबला जीतकर पौड़ी राइजिंग स्टार की टीम चैंपियन बन गई। इसके साथ ही छह दिवसीय यूपीएल का समापन हो गया। पौड़ी के खिलाड़ी अजीत को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। लीग का फाइनल मैच पौड़ी राइजिंग स्टार और चमोली चैलेंजर्स की टीम के मध्य खेला गया। इससे पहले युवाओं को नशे से दूर रहने के प्रति जागरूक करने के लिए सेलिब्रिटी मैच खेला गया। सेलिब्रिटी मैच का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्व सलाहकार भास्कर खुल्बे और आईजी विमला गुंज्याल ने बतौर मुख्य अतिथि किया।
फाइनल मैच में चमोली की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पौड़ी की टीम ने पहले खेलते हुए कोई खास असर नहीं दिखाया। ओपनर बल्लेबाज राजा शाही बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। जबकि मैच के सातवें मिनट में ही एम शौकत अली दो रन बनाकर चलते बने। इसके बाद आए खिलाड़ी मनीष कुमार और अजीत मोहिते ने पारी को संभाला। मनीष ने 20 गेंदों में 43 और अजीत ने 23 गेंदों में 64 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। टीम ने निर्धारित 10 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चमोली की टीम शुरुआत से ही कमजोर रही। शुरुआती खिलाड़ियों में सिर्फ शुभम सिल्वाल 18 रन बना पाए। इसके बाद अभिषेक ने 26 गेंदों में सात छक्के और आठ चौकों के दम पर 78 रनों की पारी खेली। बावजूद इसके टीम 22 रनों से मुकाबला हार गई। विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को आईजी गढ़वाल करन नग्नयाल ने बतौर मुख्य अतिथि पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। लीग को सफल बनाने में दीपक पांडे, विष्णु अधिकारी, नवीन चंद, मेडी सिंह रावत और महेश रजवार ने विशेष सहयोग दिया।
अभिषेक की बल्लेबाजी ने मैच को बनाया रोमांचित
भले ही चमोली की टीम ने फाइनल मुकाबला हार गई, लेकिन मैच के आखिरी ओवरों में चमोली टीम के खिलाड़ी अभिषेक ने खेल को रोमांचित बना दिया। उनके हर चौके-छक्के पर दर्शकों ने जमकर ताली-सीटी बजाने के उनका खूब उत्साहवर्धन किया।
विजेता टीम को आठ लाख का इनाम
यूपीएल-2 की विजेता टीम को आठ लाख रुपये और उपविजेता टीम को पांच लाख रुपये के इनाम से सम्मानित किया गया। जबकि मैन ऑफ द सीरीज रवि कोहली को बाइक प्रदान की गई। इसके अलावा धमेंद्र खोलिया, अभिषेक सिंह, मनीष कुमार, एम शौकत अली, अभिषेक और लोकेश मीणा को उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
हुनरबाजों को मिला मंच
यूपीएल के संस्थापक डीबी चंद और अध्यक्ष जगजीवन कन्याल ने कहा, हमारा मकसद उत्तराखंड हुरनबाजों को मंच उपलब्ध कराना है। प्रदेश के खेत-खलिहान में क्रिकेट खेलने वाले युवाओं ने मैदान में अपना हुनर दिखाया। भविष्य में यूपीएल को बेहतर बनाने के साथ ज्यादा टीमों को शामिल करने पर कार्य किया जाएगा।
यह रहे मौजूद
लीग में धारचूला के हरीश धामी, देहरादून टीम के ऑनर ललित जोशी, संदीप केडिया, हरिद्वार टीम के ऑनर महेंद्र चुफाल, पिथौरागढ़ टीम के ऑनर त्रिलोक कन्याल, ओहो रेडियो के आरजे काव्या, राज जीना, तरुण चौहान, मनोज भट्ट, जनार्दन उप्रेती, अमित मेहता आदि मौजूद रहे।