अटल उत्कृष्ट आनंदी भाई राजकीय इंटर कॉलेज लांघा को सीबीएसई या फिर उत्तराखंड बोर्ड से संबद्ध किए जाने को लेकर विद्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें अभिभावक संघ के साथ ही समग्र शिक्षा अभियान समिति से जुड़े अभिभावक शामिल हुए। बैठक में ग्रामीणों ने भी प्रतिभाग किया। सभी ने एक स्वर में विद्यालय को सीबीएसई से ही संबद्ध रखे जाने की बात कही।
बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में अभिभावकों ने बोर्ड के बदलने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी। बैठक में खंड शिक्षाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में जीआईसी जस्सोवाला के प्रधानाचार्य सीएल वर्मा शामिल हुए। अभिभावकों ने सीबीएसई बोर्ड के समर्थन में आठ ग्राम पंचायत के प्रधानों के हस्ताक्षरित पत्र भी सौंपे। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संतराम और अभिभावक संघ के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने कहा कि लांघा ग्रामीण क्षेत्र का विद्यालय है। यहां गरीब वर्ग के छात्र शिक्षा ग्रहण करते हैं। उन्होंने कहा कि सीबीएसई बोर्ड के माध्यम से छात्रों का आत्म विश्वास भी बढ़ेगा। उन्हें बेहतर शिक्षा मिल सकेगी। विद्यालय में क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों के छात्र पढ़ते हैं।
इस मौके पर बलदेव सिंह राणा, कुंवर सिंह, आनंद सिंह तोमर, नरेंद्र सिंह तोमर, सोहन सिंह तोमर ,गोपाल धीमान, सुनील चौहान, राजेश खन्ना, रामपाल तोमर, केदार सिंह रावत, सुखपाल सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।