मैनेजमेंट एवं इंजीनियरिंग कॉलेज गुरु राम दास इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में दो दिवसीय वार्षिक उत्सव अंतरया का शनिवार को शुभारंभ किया गया। पहले दिन सरकारी नौकरी पाने वाले छात्रों के अभिभावकों को सम्मानित किया गया। वहीं, इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने नवाचार आधारित प्रोजेक्ट्स व मॉडल प्रस्तुत किए। समारोह का शुभारंभ राज्य मंत्री व अवस्थापन अनुषरण विभाग के उपाध्यक्ष डॉ. विस्वास डाबर, बिगशिप टेक्नोलॉजी के संस्थापक अंकित जैन, संस्थान के वाइस चेयरमैन सरदार इंदरजीत सिंह, डॉली ओबेराय, प्रबजी ओबेराय, महा निदेशक डॉ. पंकज चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। डॉ. विस्वास डाबर ने बताया, वर्तमान सरकार निष्पक्ष तरीके से युवाओ को रोजगार दे रही है। कहा, युवाओं को अपने ज्ञान का उपयोग मानव कल्याण के लिए करना होगा। संस्थान के वाइस चेयरमैन सरदार इंदरजीत सिंह ने कहा, मेधावी छात्रों की प्रतिभा को निखारकर उनको राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय अवसर प्रदान करने के लिए हर संभव कार्य किए जा रहे हैं। वहीं, देर शाम को आयोजित हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नृत्य व गायन की प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरी।