ग्राम बरोंथा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरुजी की हाजिरी चेक करने अभिभावक पहुंच गए। इस दौरान सात में से पांच शिक्षक नदारद मिले। अभिभावकों की शिकायत पर अधिकारियों ने नदारद शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।क्षेत्र पंचायत सदस्य सरदार सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को ग्रामीणों ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय की स्थिति देखकर ग्रामीण दंग रह गए। विद्यालय में तैनात सात में से पांच शिक्षक बिना किसी सूचना के नदारद पाए गए। शिक्षकों के गायब होने से ग्रामीणों का पारा चढ़ गया। उनका कहना था कि ऐसे में तो बच्चों का भविष्य चौपट हो जाएगा।उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शिक्षकों की अनुपस्थिति की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने लापरवाह शिक्षकों पर कार्रवाई करने की मांग की। क्षेत्र पंचायत सदस्य सरदार सिंह ने बताया कि विद्यालय में क्षेत्र के ग्राम पुनाह, पोखरी, सीढ़ी और बरकोटी आदि के 41 बच्चे अध्ययनरत हैं। विद्यालय में प्रधानाचार्य, वरिष्ठ सहायक और परिचारक की नियुक्ति न होने से पठन-पाठन की व्यवस्था पहले से ही प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही शिक्षकों के गायब रहने से बच्चों की पढ़ाई चौपट होकर रह गई है।